झुंझुनूं, पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 को लेकर जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने सोमवार को कलेक्टर सभागार में मीडिया कर्मियों के साथ प्रेस वार्ता की।

कलेक्टर ने बताया कि जिले में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में पंचायत समिति वार आयोजित होंगे। चुनावी व्यवस्थाओं के लिए जिला स्तर पर 29 प्रकोष्ठों का गठन किया गया है और इनकी बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

EVM और मतपेटी से होगा मतदान

डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान EVM के माध्यम से कराया जाएगा।

वहीं पंच और सरपंच पदों के लिए मतपेटी के माध्यम से मतदान होगा। पंच-सरपंच चुनाव की मतगणना मतदान के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को होगी।

20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी मतगणना

कलेक्टर ने बताया कि मतदान के बाद जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की EVM पहले रिटर्निंग ऑफिसर स्तर पर जमा करवाई जाएंगी और इसके बाद उन्हें जिला मुख्यालय पर सुरक्षित रखा जाएगा।

इन चुनावों की मतगणना 20 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय पर निर्धारित है। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार सभी चरणों में हुए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य चुनावों की मतगणना एक साथ की जाएगी।

आचार संहिता की प्रभावी मॉनिटरिंग

कलेक्टर ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग की जा रही है।

उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की गई है। बैठक में उन्हें राज्य निर्वाचन आयोग के आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

मतदान दलों के लिए व्यवस्थाएं शुरू

डॉ. गर्ग ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हों और किसी भी मतदाता को परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान दलों को पांच दिवस के लिए मतदान स्थलों पर रखा जाएगा। इसके लिए टीम गठित कर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएंगी।

कलेक्टर की मतदाताओं से अपील

जिला कलेक्टर ने मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के पर्व को उत्सव के रूप में मनाएं और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

प्रेस वार्ता के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर (कार्यवाहक) परशुराम धानका सहित बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी मौजूद रहे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...