707 स्थानों पर पुलिस ने दी दबिश
झुंझुनूं, महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश आईपीएस के आदेशानुसार झुंझुनूं पुलिस ने जिलेभर में दो दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत आरपीएस के सुपरविजन में 29 और 30 सितंबर को कार्रवाई की गई।
अभियान के लिए गठित 85 पुलिस टीमों में शामिल 356 अधिकारी और कार्मिकों ने जिलेभर में कुल 707 स्थानों पर दबिश दी।
इस दौरान असामाजिक तत्वों, वांछित अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर, गैंगस्टर्स, गैंग सदस्यों और संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई की गई।
123 आरोपी और गैरसायलान गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 123 आरोपी और गैरसायलान गिरफ्तार किए गए।
इनमें महिला अत्याचार के मामलों में फरार 2, जघन्य अपराधों में 3, सामान्य अपराधों में 4 और गिरफ्तारी वारंट के 46 आरोपी शामिल हैं।
इसके अलावा स्थाई वारंट, पीओ और 335 बीएनएसएस के मामलों में 13, इनामी अपराधी 1, आबकारी एवं एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित 4 तथा अन्य अधिनियमों के मामलों में दर्ज 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
शांतिभंग के मामलों में भी 46 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
छह साल से फरार 5 हजार का इनामी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस थाना सुलताना ने छह साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी घनश्याम को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी 299 सीआरपीसी में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
साइबर ठगी के मामले में वांछित आरोपी पकड़ा
पुलिस थाना चिड़ावा ने साइबर ठगी के प्रकरण में वांछित आरोपी अमित कुमार निवासी निजामपुरा तन ओजटू को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने अभियान के दौरान अन्य मामलों में भी वांछित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
अवैध शराब के 4 मामले दर्ज
अभियान के दौरान आबकारी एक्ट के 4 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने इन मामलों में भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की।
इसके अलावा एनडीपीएस, आबकारी, आर्म्स और अवैध खनन के अलावा अन्य अधिनियम के तहत भी एक प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
27.50 टन बजरी सहित तीन वाहन जब्त
अवैध खनन के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस थाना बबाई ने 2 और चिड़ावा पुलिस ने 1 प्रकरण दर्ज किया।
अवैध खनन के इन मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 27.50 टन बजरी जब्त की गई। साथ ही अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहन भी जब्त किए गए।
अपराध नियंत्रण के लिए अभियान जारी रहेगा
झुंझुनूं पुलिस के अनुसार जिले में अपराधों की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
पुलिस ने वांछित अपराधियों, अवैध गतिविधियों और संदिग्ध तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।






