झुंझुनूं। आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव 2026 को देखते हुए झुंझुनूं पुलिस ने हरियाणा पुलिस के साथ बॉर्डर समन्वय बैठक आयोजित की।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर IPS के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत RPS के मार्गदर्शन में यह बैठक पुलिस थाना सूरजगढ़ में हुई।
बैठक में चिड़ावा क्षेत्र और हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों के वृताधिकारी एवं थानाधिकारी शामिल हुए।
सीमापार अवैध गतिविधियों पर बनेगी कार्ययोजना
बैठक में राजस्थान में होने वाले नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव के दौरान सीमापार से होने वाली अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने पर चर्चा हुई।
पुलिस अधिकारियों ने चुनाव के दौरान बॉर्डर क्षेत्र में सघन निगरानी और प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया।
वांछित अपराधियों की जानकारी होगी साझा
राजस्थान और हरियाणा के सीमावर्ती थानों के वांछित अपराधियों की जानकारी का आदान-प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
यदि कोई अपराधी एक राज्य में अपराध कर दूसरे राज्य की सीमा में फरार होता है तो उसकी गिरफ्तारी के लिए दोनों राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय से कार्रवाई करेगी।
शराब, मादक पदार्थ और हथियार तस्करी पर शिकंजा
सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब, मादक पदार्थ और हथियारों की तस्करी रोकने पर भी विशेष चर्चा हुई।
इसके लिए जरूरत के अनुसार संयुक्त पुलिस टीमें गठित कर कार्रवाई करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने पर सहमति बनी।
सक्रिय अपराधियों की सूचना भी होगी साझा
बैठक में दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों और अपराध से जुड़ी आसूचना को समय पर साझा करने का निर्णय लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आपसी सूचना तंत्र मजबूत होने से सीमापार अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में चिड़ावा वृताधिकारी गौरव गुर्जर RPS, सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव, पिलानी थाना के द्वितीय अधिकारी बाबुखान सहित हरियाणा के लुहारू, सतनाली और महेंद्रगढ़ क्षेत्र के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार चुनाव के मद्देनजर राजस्थान-हरियाणा सीमा पर समन्वय और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।






