राजस्थान में औद्योगिक विकास के लिए सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झुंझुनूं पुलिस ने शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र में सामुदायिक पुलिसिंग बैठक आयोजित की। बैठक में उद्योगपतियों, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों तथा अन्य हितधारकों ने भाग लेकर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

यह बैठक पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी गोपाल सिंह ढाका एवं कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार मील की मौजूदगी में आयोजित की गई।

उद्योगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर चर्चा

बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, उद्योगों और श्रमिकों की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम, आपातकालीन स्थिति में पुलिस की त्वरित सहायता, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात व्यवस्था तथा पुलिस-उद्योग समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने उद्योग प्रतिनिधियों से उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान का आश्वासन दिया।

संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील

पुलिस ने उद्योग प्रतिनिधियों से नियमित पुलिस गश्त और बीट व्यवस्था को प्रभावी बनाने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही आवश्यक स्थानों पर पुलिस अधिकारियों के संपर्क विवरण प्रदर्शित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निवेश-अनुकूल वातावरण बनाए रखने के लिए उद्योग प्रतिनिधियों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

जिला पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार संवाद, सामुदायिक बैठकें और सुरक्षा संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि उद्योगों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...