झुंझुनूं पुलिस ने पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार, मादक पदार्थ, नकदी और अवैध खनन में प्रयुक्त वाहन जब्त किए हैं। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, 3.21 किलोग्राम गांजा, 786 ग्राम डोडा पोस्त, ₹3.80 लाख नकद तथा अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। साथ ही आबकारी अधिनियम के तहत चार प्रकरण दर्ज कर कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेन्द्र सिंह राजावत (आरपीएस) के मार्गदर्शन में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) एवं विभिन्न थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की।

अवैध हथियार और मादक पदार्थों पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, पिलानी थाना क्षेत्र में काजी रोड पर कार्रवाई करते हुए एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

वहीं गुढ़ागौड़जी, चिड़ावा, नवलगढ़, बिसाऊ, सुलताना और सूरजगढ़ थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई के दौरान गांजा और डोडा पोस्त बरामद किया गया। इनमें गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र से ₹3.80 लाख नकद भी जब्त किए गए।

अवैध खनन और शराब के मामलों में भी कार्रवाई

उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र में अवैध पत्थरों का परिवहन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई।

इसके अलावा पचेरी कलां, खेतड़ी, चिड़ावा और मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब बरामद की गई तथा आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कुछ मामलों में शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

20 अगस्त तक जारी रहेगा विशेष अभियान

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित अधिनियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

झुंझुनूं पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान अवैध हथियार, मादक पदार्थों की तस्करी, वांछित एवं आदतन अपराधियों, संगठित अपराध तथा अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...