झुंझुनूं राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में संचालित महिला सुरक्षा जागरूकता माह के तहत बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) ने जिले के 202 सरकारी एवं निजी विद्यालयों के 4,823 विद्यार्थियों से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।

1 से 29 जुलाई तक चल रहा है जागरूकता अभियान

पुलिस विभाग के अनुसार, 1 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक जिले में महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों और राजस्थान पुलिस द्वारा संचालित सुरक्षा उपायों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

बुधवार को आयोजित वर्चुअल संवाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेन्द्र सिंह राजावत (आरपीएस) भी शामिल रहे। कार्यक्रम में जिले के सभी थानाधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

विद्यार्थियों को सुरक्षा और कानूनों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आत्मरक्षा, राजकोप सिटिजन ऐप, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन हेल्पलाइन 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझावों की जानकारी दी गई।

इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता, वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर, पॉक्सो एक्ट, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, नौकर एवं किरायेदार सत्यापन, She Box, विशाखा गाइडलाइन तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित कानूनों और वरिष्ठ जन संबल योजना के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।

महिला सुरक्षा में भागीदारी का किया आह्वान

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने और समाज में महिला सुरक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...