नगर निकाय और पंचायत चुनाव 2026 से पहले सीमावर्ती इलाकों में अपराध और तस्करी रोकने की संयुक्त रणनीति

झुंझुनूं। आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव 2026 को देखते हुए राजस्थान-हरियाणा सीमा से सटे क्षेत्रों में पुलिस ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में पुलिस थाना पचेरी कलां में राजस्थान और हरियाणा के सीमावर्ती पुलिस अधिकारियों की बोर्डर समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

राजस्थान-हरियाणा के पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

बैठक पुलिस अधीक्षक जिला झुन्झुनूं कावेन्द्र सिंह सागर IPS के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत RPS के मार्गदर्शन में हुई।

इसमें खेतड़ी वृत के पुलिस उप अधीक्षक राजेन्द्र बुरडक RPS, बुहाना वृताधिकारी मंजु चौहान RPS तथा हरियाणा के नारनौल जिला महेंद्रगढ़ के पुलिस उप अधीक्षक भारत भूषण सहित सीमावर्ती थानों के थानाधिकारी शामिल हुए।

चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों पर रहेगी नजर

बैठक में राजस्थान में आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए सीमापार से होने वाली अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने पर चर्चा हुई।

पुलिस अधिकारियों ने चुनाव के दौरान सीमा क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।

वांछित अपराधियों की सूची साझा होगी

बैठक में सीमावर्ती थानों के वांछित अपराधियों की जानकारी का आदान-प्रदान करने का निर्णय लिया गया।

दोनों राज्यों की पुलिस ऐसे अपराधियों की धरपकड़ के लिए आपसी समन्वय से कार्रवाई करेगी।

यदि कोई अपराधी एक राज्य के क्षेत्र में अपराध करने के बाद दूसरे राज्य की सीमा में फरार होता है तो उसे पकड़ने के लिए संबंधित पुलिस एक-दूसरे को आवश्यक सहयोग देगी।

शराब, हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती

सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब, मादक पदार्थ और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त कार्रवाई की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

इसके लिए आवश्यकता के अनुसार संयुक्त पुलिस टीमें गठित कर कार्रवाई करने पर सहमति बनी।

पुलिस का फोकस सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की निगरानी बढ़ाने और तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करने पर रहेगा।

अपराधियों और खुफिया सूचनाओं का होगा आदान-प्रदान

बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के सक्रिय अपराधियों और अपराध से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं को दोनों राज्यों की पुलिस के बीच साझा करने पर भी चर्चा हुई।

समय पर सूचना साझा कर संभावित अपराधों को रोकने और अपराधियों पर कार्रवाई करने की रणनीति बनाई गई।

चुनाव के दौरान संयुक्त निगरानी पर जोर

राजस्थान और हरियाणा पुलिस के बीच इस समन्वय का उद्देश्य आगामी चुनावों के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून व्यवस्था मजबूत रखना है।

अधिकारियों ने आपसी सहयोग, सूचना तंत्र मजबूत करने और संयुक्त कार्रवाई के जरिए सीमा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...