झुंझुनूं। राजस्थान नर्सिंग संस्थान में शिक्षक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन डायरेक्टर दयानंद ढूकिया ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए।
शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य की नींव रखते हैं
डायरेक्टर दयानंद ढूकिया ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों के मार्गदर्शन का सम्मान करते हुए निरंतर सीखने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रिंसिपल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को सराहा
राजस्थान नर्सिंग संस्थान के प्रिंसिपल डॉ. विवेक सिहाग ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की और सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गुरुजनों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके प्रति अपनी कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त किया।
चिकित्सक और हॉस्पिटल स्टाफ भी रहा मौजूद
कार्यक्रम में संस्थान के प्रिंसिपल, समस्त स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे। इस अवसर पर ढूकिया हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. मोनिका ढूकिया सहित हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक एवं स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में न्यूरो विशेषज्ञ डॉ. जोगेंद्र सिंह, गैस्ट्रो एवं लिवर विशेषज्ञ डॉ. नवीन महला, यूरोलॉजिस्ट डॉ. विजय ओला, लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अमित चौधरी, एमडी फिजिशियन एवं डायबिटोलॉजिस्ट डॉ. विनोद कुमार जांगिड़ तथा हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. दुष्यंत कुमार सोनी सहित समस्त हॉस्पिटल स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच सम्मान, मार्गदर्शन और आत्मीयता का भाव देखने को मिला। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।






