झुंझुनूं। गणपति नगर स्थित राजस्थान पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
गांधी-शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ और ज्योति ढूकिया ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की।
इसके बाद विद्यार्थियों ने गांधीजी के प्रिय भजनों ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ की प्रस्तुति दी।
भाषण, कविता और लघु नाटकों से दिया संदेश
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भाषण, कविताओं और लघु नाटकों के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डाला।
विद्यार्थियों ने गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा शास्त्रीजी के ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य ने सादगी और राष्ट्र सेवा का दिया संदेश
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी दोनों महापुरुषों के विचार प्रासंगिक हैं और विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले होनहार छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सुधीर शर्मा, मंगलाराम जांगिड़, योगेन्द्र सिंह, सुश्री अनिता, प्रमोद चौधरी, अनिता और शारीरिक शिक्षक विजय चौधरी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






