झुंझुनूं जिले के क्यामसर गांव की शिक्षाविद् संगीता आलड़िया को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने के लिए राज्यस्तरीय ‘शिक्षक गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है।
वहीं ‘ग्रामीण प्रतिभा तलाश एवं कैरियर सेमिनार’ संस्था के संयोजक पवन आलड़िया को सामाजिक सरोकार और उत्कृष्ट शैक्षिक कार्यों के लिए विशेष शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया।
जयपुर के चौमू में हुआ सम्मान समारोह
पवन आलड़िया के अनुसार जयपुर के चौमू स्थित एक निजी होटल में मानव जनजागृति संस्थान के तत्वावधान में राज्यस्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में वरिष्ठ आईएएस सुबीर गुप्ता, राजस्थान पुलिस के पूर्व मुखिया एवं सेवानिवृत्त डीजीपी डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा, डॉ. सुनीता, दामिनी गुप्ता और सौदागर सहित अतिथियों ने संगीता आलड़िया को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
प्रदेश के चुनिंदा 50 शिक्षकों को मिला सम्मान
आयोजकों के अनुसार राज्यस्तरीय समारोह में प्रदेशभर में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले चुनिंदा 50 शिक्षकों को ‘शिक्षक गौरव अवार्ड’ प्रदान किया गया।
इसी क्रम में संगीता आलड़िया को ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और प्रतिभाओं के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों को लेकर सम्मानित किया गया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को शिक्षा से जोड़ने का काम
संगीता और पवन आलड़िया शिक्षक दंपती पिछले कई वर्षों से शिक्षा और समाज कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वे गांवों और ढाणियों में रहने वाले वंचित एवं प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और उनके शैक्षिक मार्गदर्शन का काम कर रहे हैं।
इसके अलावा बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी देने के लिए निःशुल्क करियर सेमिनार आयोजित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
संगीता आलड़िया को राज्यस्तरीय सम्मान मिलने पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने खुशी जताई। लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना की।






