झुंझुनूं। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में अपराध समीक्षा गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृताधिकारी तथा जिले के सभी थानाधिकारी उपस्थित रहे।
लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जिला पुलिस अधीक्षक ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित एवं सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने तथा प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
यातायात नियमों की सख्ती से पालना कराने पर जोर
बैठक में यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। एसपी ने हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता सुनिश्चित करने, ओवरलोडिंग तथा तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अवैध हथियार और मादक पदार्थों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश
जिला पुलिस अधीक्षक ने अवैध हथियारों, शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर अपराध पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
महिला सुरक्षा और जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्ग के लोगों से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन कर अधिकाधिक दस्तयाबी सुनिश्चित करने तथा झूठे मामलों में न्यायालय में विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने पुलिस कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया।






