झुंझुनूं। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस ने 24 सितंबर 2026 को पुलिस थाना सदर झुंझुनूं में जनसुनवाई की। इस दौरान थाना सदर और कोतवाली क्षेत्र के परिवादियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं परिवाद पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किए।
एसपी ने परिवादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों से शिकायतों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान परिवादियों को उनकी समस्याओं के निस्तारण के संबंध में आवश्यक आश्वासन दिया गया। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को आमजन की शिकायतों एवं परिवादों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं थाना स्टाफ को आमजन के साथ बेहतर समन्वय और संवाद बनाए रखने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत, वृताधिकारी वृत झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका, कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार, सदर थानाधिकारी बिमला बुडानिया और अपराध सहायक कार्यालय पुलिस अधीक्षक रणजीत सिंह सेवदा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं थाना स्टाफ मौजूद रहा।
साइबर ठगी से बचाव को लेकर किया जागरूक
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया। पुलिस मुख्यालय जयपुर से प्राप्त साइबर सुरक्षा संबंधी टिप्स की जानकारी देते हुए लोगों को संचार साथी पोर्टल के माध्यम से उनके नाम से जारी मोबाइल कनेक्शनों की जांच करने की सलाह दी गई।
इसके अलावा WhatsApp की जरूरी Safety Tips, क्विक मनी स्कीम और साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील
एसपी ने आमजन से यातायात नियमों की पालना करते हुए वाहन चलाने की अपील की। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा तेज और लापरवाही से वाहन चलाने वालों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने लोगों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति स्वयं जागरूक रहने और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए समझाइश एवं जागरूक करने का आह्वान किया।






