झुंझुनूं। शहर के पुराने वार्ड नंबर 42 और नए वार्ड नंबर 53 में लगातार बढ़ रहे आवारा कुत्तों के आतंक से स्थानीय लोग परेशान हैं। स्थिति यह है कि छोटे बच्चों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्ते बच्चों के पीछे दौड़ते हैं। रात के समय बाइक सवारों के पीछे भी कुत्तों के झुंड दौड़ने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
एक दिन में दो लोगों पर हमला
वार्ड नंबर 53 में एक ही दिन में दो लोगों को आवारा कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया।
स्थानीय जानकारी के अनुसार घायल होने वालों में अनिल कुमार शर्मा और 8 वर्षीय बच्चा कुणाल सिंह शामिल हैं।
कुत्तों के हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए बीडीके अस्पताल लेकर पहुंचे।
बच्चों और बाइक सवारों में डर
वार्डवासियों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासकर छोटे बच्चों को लेकर लोगों में डर बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात में बाइक से आने-जाने वाले लोगों के पीछे कुत्ते दौड़ पड़ते हैं। कई बार बाइक सवार संतुलन बिगड़ने से गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
नगर प्रशासन से कार्रवाई की मांग
वार्ड नंबर 53 निवासी जितेंद्र सिंह खींची ने बताया कि कुत्तों के आतंक के कारण स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
उन्होंने प्रशासन और नगर परिषद से क्षेत्र में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना ठोस कदम उठाना चाहिए।






