झुंझुनूं, विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 को लेकर गुरुवार को सूचना केंद्र सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई। माय भारत केंद्र की युवा अधिकारी मधु यादव ने योजना की जानकारी दी और VBYLD 2027 के पोस्टर का विमोचन किया।

उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी योग्यता-आधारित यात्रा में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसका राष्ट्रीय चरण 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा।

चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष विकसित भारत को लेकर अपने विचार और नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

क्विज से शुरू होगी चयन प्रक्रिया

VBYLD 2027 की चयन प्रक्रिया विकसित भारत क्विज से शुरू होगी। क्विज का आयोजन 30 सितंबर 2026 तक माय भारत पोर्टल पर किया जा रहा है।

15 से 29 वर्ष के युवा कई भाषाओं में डिजिटल माध्यम से क्विज में भाग ले सकेंगे। अधिकतम चार लाख प्रतिभागियों में से शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागियों को अगले चरण यानी विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा।

चयनित युवाओं को ‘विकसित भारत’ विषय पर 500 शब्दों का निबंध प्रस्तुत करना होगा।

पांच चरणों में आगे बढ़ेगी चयन प्रक्रिया

चयन प्रक्रिया को पांच चरणों में रखा गया है

विकसित भारत क्विज → निबंध चुनौती → जिला चैंपियनशिप → राज्य/केंद्र शासित प्रदेश VBYLD → राष्ट्रीय VBYLD

जिला स्तर पर प्रत्येक जिले के शीर्ष 50 निबंधों का चयन व्यक्तिगत प्रस्तुति दौर के लिए किया जाएगा। इनमें से शीर्ष दो प्रतिभागी राज्य स्तरीय VBYLD के लिए अर्हता प्राप्त करेंगे।

जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 से 16 नवंबर 2026 तक, जबकि राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताएं 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित हैं।

छह ट्रैक में दिखेगी युवाओं की प्रतिभा

VBYLD 2027 में युवाओं के लिए छह प्रमुख ट्रैक रखे गए हैं। इनमें—

  • विकसित भारत चैलेंज
  • सांस्कृतिक खंड
  • भारत के लिए डिजाइन
  • हैकिंग फॉर सोशल कॉज
  • युवा उद्यमी चुनौती
  • युवा संसद

शामिल हैं।

विकसित भारत चैलेंज में युवा 2047 तक विकसित भारत के लिए अभिनव विचार और समाधान प्रस्तुत करेंगे। सांस्कृतिक खंड में लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, भाषण और कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताएं होंगी।

‘भारत के लिए डिजाइन’ में वास्तविक विकासात्मक चुनौतियों के लिए उपयोगकर्ता-केंद्रित समाधान विकसित किए जाएंगे। वहीं ‘हैकिंग फॉर सोशल कॉज’ में सामाजिक और विकासात्मक समस्याओं के डिजिटल समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

युवा उद्यमियों और संसद प्रतिभाओं को भी मौका

युवा उद्यमी चुनौती के माध्यम से युवा उद्यमियों को राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं से जुड़े स्टार्टअप पिच और व्यावसायिक योजनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

इसके साथ ही युवा संसद को भी VBYLD 2027 में शामिल किया गया है, जिससे युवाओं को सार्वजनिक जीवन और नीति संबंधी विचार-विमर्श का मंच मिलेगा।

10 क्षेत्रों पर केंद्रित होंगे युवा विचार

विकसित भारत चैलेंज में 10 क्षेत्रीय विषयों पर युवाओं से विचार और समाधान आमंत्रित किए जाएंगे। इनमें भविष्य का शासन, जलवायु सुरक्षा, जनसांख्यिकीय लाभांश, सतत औद्योगीकरण, कनेक्टिविटी, विनिर्माण, जनजातीय नेतृत्व, नवाचार, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी और नीली अर्थव्यवस्था शामिल हैं।

इस पहल का उद्देश्य युवाओं को क्षेत्र-विशिष्ट चुनौतियों की पहचान कर नए समाधान विकसित करने और देश की विकास यात्रा को दिशा देने वाले विचार सामने रखने का अवसर देना है।

राष्ट्रीय मंच पर विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं से संवाद

राष्ट्रीय VBYLD में छहों श्रेणियों से चयनित राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें भाग लेंगी। विकसित भारत चैलेंज के तहत क्षेत्रीय टीमें अपने विचार विशेषज्ञों, सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के सामने प्रस्तुत करेंगी।

क्षेत्रीय स्तर पर चयनित फाइनलिस्टों को आगे प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

युवाओं से अधिक से अधिक भाग लेने का आह्वान

माय भारत केंद्र की युवा अधिकारी मधु यादव ने युवाओं से इस राष्ट्रव्यापी पहल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से माय भारत पोर्टल के माध्यम से विकसित भारत क्विज में हिस्सा लेने की अपील की।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...