झुंझुनूं जिले के एक ग्रामीण क्षेत्र में एक महिला अपने एक वर्षीय बेटे और दो भांजियों के साथ घर से लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और नकदी-जेवरात चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चार लोगों के एक साथ लापता होने के मामले को पुलिस गंभीरता से ले रही है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार महिला अपने एक साल के बेटे और 18 व 17 वर्ष की दो भांजियों के साथ घर के अंदर सो रही थी, जबकि उसका पति और परिवार के अन्य सदस्य बरामदे में सो रहे थे। सुबह परिवार के लोगों ने देखा कि महिला, उसका बेटा और दोनों भांजियां घर पर नहीं थे। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों भांजियां करीब दस दिन पहले ही अपने ननिहाल आई थीं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि घर से करीब 3.50 लाख रुपये के जेवरात और 1.10 लाख रुपये नकद भी गायब हैं। इस संबंध में अपहरण और चोरी का मामला दर्ज कराया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चारों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर उनकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।






