झुंझुनूं। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर श्री जेजेटी यूनिवर्सिटी में NCC कैडेट्स ने गुरुवार को उत्साह और खेल भावना के साथ राष्ट्रीय खेल महोत्सव मनाया।
29 अगस्त को अवकाश होने के कारण विश्वविद्यालय में इसका आयोजन 27 अगस्त को ही किया गया। इस दौरान कैडेट्स ने विभिन्न खेल एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
100 से 400 मीटर दौड़ में कैडेट्स ने दिखाया दम
NCC अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि खेल महोत्सव के तहत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ आयोजित की गई।
इसके अलावा कैडेट्स के बीच रस्साकशी और वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबले भी हुए। प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने शारीरिक क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
61 NCC कैडेट्स ने लिया हिस्सा
आयोजन में कुल 61 NCC कैडेट्स शामिल हुए। इनमें 26 गर्ल्स कैडेट्स और 35 बॉयज कैडेट्स रहे।
लेफ्टिनेंट डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि NCC प्रशिक्षण में खेल गतिविधियां कैडेट्स के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजनों से कैडेट्स में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक भावना विकसित होती है।
कैडेट्स ने देखा ‘खेलो इंडिया संवाद’
खेल प्रतियोगिताओं के समापन के बाद कैडेट्स को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
कैडेट्स ने युवाओं और खेल जगत से प्रधानमंत्री के संवाद को उत्साहपूर्वक देखा। इस दौरान खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने से जुड़े विचारों की जानकारी मिली।
डॉ. मधु गुप्ता ने खेलों में भागीदारी के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता श्री जेजेटी यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट डॉ. मधु गुप्ता रहे।
उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षक और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. इकराम कुरैशी, डॉ. जगबीर सिंह, डॉ. इमरान खान, देवेंद्र सिंह एवं ऑनरेरी कैप्टन जय सिंह सहित अन्य शिक्षकगण और विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आयोजन के दौरान कैडेट्स में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिताओं ने उन्हें खेल भावना के साथ अनुशासन और टीमवर्क का व्यावहारिक अनुभव भी दिया।






