झुंझुनू, जेजेटी यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में पुलिस विभाग, यूनिवर्सिटी के वूमेन डेवलपमेंट सेल एवं सांस्कृतिक संकाय के संयुक्त तत्वावधान में महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जयपुर से आईं पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के.बी. वंदना ने छात्राओं एवं महिलाओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और आत्मविश्वास के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी के.बी. वंदना ने कहा, “हर नारी सुरक्षित तभी समाज विकसित।” उन्होंने लगभग 500 महिलाओं एवं छात्राओं से संवाद करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रस्तुति दी और पुलिस विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।

हेल्पलाइन और राजकॉप सिटीजन ऐप की दी जानकारी

आईजी वंदना ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में 1930, 112 और 1090 हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। उन्होंने राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड कर मोबाइल में रखने की सलाह देते हुए बताया कि संकट की स्थिति में ऐप के माध्यम से पुलिस से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने महिलाओं से स्वयं को कमजोर न समझने और शिक्षा, कानूनी जागरूकता, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर हुई चर्चा

जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने स्वागत संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं में जागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं से जुड़े अपराधों में कमी लाना है। उन्होंने बताया कि आगे भी महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों से जुड़े संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शीला फौगाट ने महिलाओं को एफआईआर दर्ज कराने से लेकर न्यायालय में मामले के निस्तारण तक की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराधों से बचाव, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, महिला बीट अधिकारी, सुरक्षा सखी और महिला डेस्क जैसी व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। एनसीसी कैडेट्स ने आईजी के.बी. वंदना को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

यूनिवर्सिटी की ओर से प्रेसिडेंट डॉ. मधु गुप्ता, रजिस्ट्रार डॉ. अजीत कुमार, मुख्य वित्त अधिकारी डॉ. अमन गुप्ता, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. इकराम कुरैशी और डॉ. सुरेंद्र कुमार ने अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत, ग्रामीण उप पुलिस अधीक्षक हरिसिंह धायल, धनुरी थाना प्रभारी कंचन, ट्रैफिक इंचार्ज कस्तूरमल, सदर थाना प्रभारी विमला बुडानिया, महिला थाना प्रभारी अभिलाषा, उपनिरीक्षक संतरा, डॉ. नाजिया हुसैन, डॉ. अनंता शांडिल्य, डॉ. आशिमा कुमार, डॉ. कंचन, डॉ. विनीता कुमारी, डॉ. मीनू, डॉ. सरिता चौधरी, डॉ. रामनिवास सोनी, कैप्टन सुरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, शिक्षक, छात्राएं और महिलाएं उपस्थित रहीं।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...