काजड़ा। ग्राम पंचायत काजड़ा में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीण लामबंद हुए। ग्रामीणों ने इंदिरा गांधी सार्वजनिक पार्क में एकत्रित होकर बिजली समस्या पर चर्चा की और मांग पत्र पर सामूहिक रूप से हस्ताक्षर किए।
इसके बाद ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल सूरजगढ़ पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी सूरजगढ़ के प्रतिनिधि सुखवीर सिंह तथा अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, सूरजगढ़ के सहायक अभियंता को मांग पत्र सौंपा।
रात में 9:30 से 11 बजे तक बिजली कटौती का आरोप
ग्रामीणों ने मांग पत्र में बताया कि काजड़ा में विशेष रूप से रात्रि 9:30 से 11:00 बजे के बीच बिजली बंद की जा रही है। कई बार रात 12 बजे, 2 बजे और 3 बजे भी विद्युत आपूर्ति बाधित होने की बात ग्रामीणों ने कही।
इसके अलावा दोपहर के समय भी बार-बार बिजली कटने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी और उमस के मौसम में भोजन तथा सोने के समय बिजली बंद होने से बच्चों, बुजुर्गों और आमजन को काफी दिक्कत होती है। बिजली कटौती के दौरान मच्छरों की समस्या भी बढ़ जाती है।
नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से अनावश्यक और अघोषित बिजली कटौती बंद करने तथा ग्राम पंचायत काजड़ा में नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
मांग पत्र में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ, तो वे धरना-प्रदर्शन करने और विद्युत विभाग के कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से आमजन प्रभावित हो रहा है, इसलिए विभाग को समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए।
ये ग्रामीण रहे मौजूद
इस दौरान मातूराम जांगिड़, नाहर सिंह शेखावत, सामाजिक कार्यकर्ता धर्मपाल गांधी, विनोद सोनी, धीर सिंह नायक, राय सिंह शेखावत, होशियार सिंह, अशोक कुमावत, कपिल गुर्जर, अक्षय शर्मा, राजेन्द्र सैनी, विकास कुमावत और मनजीत सिंह तंवर सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।






