खेतड़ी। कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रुपए हड़पने के मामले में खेतड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार संजय उर्फ संजू, ओमप्रकाश सिंह और राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेंद्र सिंह सागर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और अनुसंधान अधिकारी फूलचंद मीणा आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सेल के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
2022 में दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त 2022 को जितेंद्र कुमार ने थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पिता श्रीराम के पास ओमप्रकाश सिंह आया और उसने अपनी दो खनन लीज होने की बात कही।
बताया गया कि ये खनन लीज नंबर 280/2003 और 284/2003 ढाणी भूकरी, तन पपुरना, तहसील खेतड़ी क्षेत्र में स्थित थीं। शिकायत के अनुसार ओमप्रकाश ने श्रीराम को इनकी देखभाल और चौकीदारी के बदले 25 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन देने की बात कही।
इसके बाद श्रीराम ने दोनों खनन लीज पर काम करना शुरू कर दिया।
पार्टनर बनाने के नाम पर डीड तैयार करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक शिकायत में आरोप लगाया गया कि बाद में ओमप्रकाश सिंह अपने साथ संजय और संजय उर्फ बच्चिया को लेकर आया और जितेंद्र व उनके पिता श्रीराम को खनन पट्टा संख्या 284/2003 में हिस्सेदार बनाने की बात कही।
शिकायत के अनुसार इसके बाद लीज में अलग-अलग हिस्सेदारी दर्शाते हुए डीड ऑफ पार्टनरशिप तैयार की गई। आरोप है कि शिकायतकर्ता और उसके पिता की सहमति के बिना कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनसे लिए गए रुपए हड़प लिए गए।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तकनीकी सहायता और सूचना तंत्र से आरोपियों की तलाश
पुलिस के अनुसार मामले में वांछित आरोपी संजय उर्फ संजू को जिला कारागृह झुंझुनूं से प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त किया गया।
वहीं, वांछित आरोपी ओमप्रकाश सिंह और राजेश कुमार की तलाश के लिए गठित टीम ने सूचना संकलन और तकनीकी सहायता का इस्तेमाल किया। दोनों को 18 सितंबर 2026 को अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया गया।
संजय न्यायिक अभिरक्षा में, दो आरोपी पुलिस रिमांड पर
पुलिस के अनुसार संजय उर्फ संजू को अनुसंधान के बाद एससी/एसटी कोर्ट झुंझुनूं में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वहीं, ओमप्रकाश सिंह और राजेश कुमार को आगे के अनुसंधान के लिए 22 सितंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- संजय उर्फ संजू पुत्र रामनिवास, निवासी बड़ा बंध, तन पपुरना, थाना खेतड़ी, जिला झुंझुनूं।
- ओमप्रकाश सिंह पुत्र बनवारीलाल, जाति जाट, निवासी कुडली, थाना दादिया, जिला सीकर।
- राजेश कुमार पुत्र श्रीचंद, उम्र 36 वर्ष, जाति जाट, निवासी दादिया, थाना दादिया, जिला सीकर।






