झुंझुनूं जिले की खेतड़ीनगर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे ₹3 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेन्द्र सिंह राजावत (आरपीएस) के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी खेतड़ी राजेन्द्र कुमार बुरड़क (आरपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
घर में घुसकर छेड़छाड़ का है मामला
पुलिस के अनुसार, परिवादिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी बिट्टू उर्फ रितेश कुमार, पुत्र लालचंद, घर में घुसकर उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ कर फरार हो गया। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
₹3 हजार का था इनाम
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने लगातार तलाश की और उस पर ₹3 हजार का इनाम घोषित किया गया।
गठित पुलिस टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी बिट्टू उर्फ रितेश कुमार (21 वर्ष) निवासी बांकोटी, थाना खेतड़ीनगर को 27 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अनुसंधान जारी है।






