झुंझुनूं जिले की खेतड़ी थाना पुलिस ने करीब छह माह पुरानी हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की गहन जांच के बाद हत्या के आरोप में राहुल (20) निवासी गहनसर, थाना जरोली, जिला खैरथल-तिजारा को गिरफ्तार किया गया है।
जनवरी में दर्ज हुआ था हत्या का मामला
पुलिस के अनुसार, 23 जनवरी 2026 को परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जनवरी 2026 को उसका पुत्र मीन्टू उर्फ भालू राहुल के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और उसके बेटे के साथ मारपीट की गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के आधार पर खेतड़ी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया नया घटनाक्रम
जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (QIDT) एवं अनुसंधान अधिकारी फूलचंद मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की गहन जांच की।
पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि आरोपी राहुल ने कथित रूप से पुरानी कहासुनी का बदला लेने की नीयत से योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मृतक को शराब में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मृत्यु हो गई।
छह माह बाद आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की अनुसंधान एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।






