उदयपुरवाटी । क्षेत्र के ग्रामीण अंचल की बेटी खुशी कांटीवाल ने यूनाइटेड किंगडम में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर नई उपलब्धि हासिल की है। गुढ़ा बावनी खेदड़ों की ढाणी निवासी खुशी कांटीवाल ने यूके में उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद न्यूकासल स्थित संस्था ‘चिल्ड्रन्स नॉर्थ ईस्ट’ में कम्युनिकेशन ऑफिसर के पद पर स्थायी नियुक्ति प्राप्त की है। संस्था की स्थापना वर्ष 1891 में हुई थी।
खुशी की इस उपलब्धि से उनके गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए खुशी और उनके परिवार को बधाई दी है।
पिता को मिल चुका है पुलिस सेवा पदक
खुशी कांटीवाल के पिता गोपाल राम कांटीवाल सीआरपीएफ में डिप्टी कमांडेंट हैं। देश की आंतरिक सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा पुलिस सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
पिता के देशसेवा के क्षेत्र में योगदान के बाद अब बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा और संचार के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की है। खुशी की नियुक्ति को परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।
क्षेत्र में खुशी की उपलब्धि पर हर्ष
खुशी की सफलता की जानकारी मिलने के बाद अम्बेडकर नगर, खेदड़ों की ढाणी सहित आसपास के क्षेत्र में लोगों ने प्रसन्नता जताई। ग्रामीणों ने खुशी कांटीवाल और उनके पिता गोपाल राम कांटीवाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजस्थान सरकार में विधायक भगवानाराम सैनी, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा, पूर्व प्रधान पति पवन खरबास, संदीप सिंह शेखावत सहित ग्रामीणों ने खुशी को बधाई दी।
ग्रामीणों का कहना है कि खुशी की उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी उच्च शिक्षा और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।






