झुंझुनूं।अखिल भारतीय किसान महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शुक्रवार को झुंझुनूं के सामुदायिक विकास भवन में संपन्न हुई। बैठक में 9 अगस्त को देशभर में साम्राज्यवाद विरोधी संकल्प सभाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया। हालांकि बैठक समाप्त होने के कुछ समय बाद संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ किसान नेता कामरेड प्रेम सिंह गहलावत का हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया, जिससे संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से आए किसान नेताओं ने कृषि, शिक्षा और राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई प्रस्ताव पारित किए।
9 अगस्त को देशभर में संकल्प सभाओं का निर्णय
राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि 9 अगस्त, भारत छोड़ो आंदोलन दिवस के अवसर पर देशभर में साम्राज्यवाद विरोधी संकल्प सभाएं आयोजित की जाएंगी। बैठक में भारत-अमेरिका संभावित मुक्त व्यापार समझौते और अमेरिकी कृषि उत्पादों के भारतीय बाजार में प्रवेश से किसानों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों पर भी चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे युवाओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया गया।
यमुना नहर परियोजना पर भी उठाए सवाल
राजस्थान किसान महासभा की राज्य समिति ने शेखावाटी क्षेत्र के लिए प्रस्तावित यमुना नहर परियोजना को लेकर राजस्थान सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए राजस्थान और हरियाणा सरकार के बीच हुए एमओयू को सार्वजनिक करने की मांग की।
बैठक के बाद हुआ दुखद घटनाक्रम
बैठक समाप्त होने के कुछ समय बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड प्रेम सिंह गहलावत को हृदयाघात आया, जिससे उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही कार्यकारिणी सदस्यों और किसान नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
श्रद्धांजलि सभा में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि के दौरान राष्ट्रीय महासचिव एवं काराकाट सांसद कामरेड राजाराम सिंह भावुक हो गए। इसके बाद राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में पार्थिव शरीर को नई दिल्ली स्थित संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय ले जाया गया।






