उदयपुरवाटी: क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल लोहार्गल धाम स्थित बरखंडी बाबा मंदिर से 80 वर्षीय संत सूरजदास महाराज संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं।
संत के शिष्य शंकर दयाल गुर्जर की रिपोर्ट पर गोठड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
32 साल से बरखंडी बाबा मंदिर में कर रहे थे सेवा
संत सूरजदास महाराज मूल रूप से सिगोद कला, गोविंदगढ़, जयपुर के निवासी बताए गए हैं। वे पिछले 32 वर्षों से बरखंडी बाबा मंदिर में पूजा-पाठ और सेवा कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, महाराज 26 सितंबर की शाम से मंदिर से लापता हैं।
सुबह मंदिर पहुंचे यात्रियों ने दी सूचना
बताया गया कि 27 सितंबर की सुबह यात्री मंदिर पहुंचे तो उन्हें संत सूरजदास महाराज मंदिर में नहीं मिले।
इसके बाद यात्रियों ने उनके शिष्य शंकर दयाल गुर्जर को इसकी जानकारी दी। शिष्य और अन्य लोगों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन संत का कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शुरू की तलाश
गोठड़ा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक ज्ञान सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस संत सूरजदास महाराज की तलाश के साथ उनके लापता होने से जुड़े संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी मिलने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
संत सूरजदास महाराज के संबंध में किसी भी व्यक्ति को कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या उनके शिष्य को सूचना देने की अपील की गई है।
पुलिस/हेल्पलाइन: 8764112256
शिष्य शंकर दयाल: 7375011539, 9928507160






