झुंझुनूं। मंडावा विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रीटा चौधरी ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के बाजला, खिचड़ो का बास और फिरास का बास गांवों में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और विधायक का स्वागत किया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता जाकिर झुनझुनूवाला ने बताया कि इन गांवों में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सुविधा और यात्री सुविधा से जुड़े विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।
बाजला में सड़क और 33 केवी जीएसएस का लोकार्पण
ग्राम बाजला में पंचायत भवन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक बनी इंटरलॉक सड़क और 33 केवी जीएसएस का लोकार्पण किया गया।
इस दौरान विधायक रीटा चौधरी ने जीएसएस के लिए भूमिदान करने वाले राजेश एवं तनवीर पुत्र ईश्वर बालाराम, बाजला का साफा पहनाकर सम्मान किया।
खिचड़ो का बास और फिरास का बास में भी सौगात
ग्राम खिचड़ो का बास में स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया। वहीं फिरास का बास में बस स्टैंड पर यात्री प्रतीक्षालय टिन शेड का लोकार्पण हुआ।
इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और यात्री सुविधाओं से जुड़ी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
‘गांवों के विकास में कोई कमी नहीं रहने दूंगी’
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक रीटा चौधरी ने कहा कि गांवों के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी की भी हो, उनका ध्यान विकास कार्यों पर है और वे क्षेत्र के लिए काम लेकर आती रहेंगी।
विधायक ने बताया कि उनकी अनुशंसा पर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मिसिंग लिंक सड़कों और पैचवर्क के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
ग्रामीणों ने किया विधायक का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक रीटा चौधरी का चुनरी और साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में सरपंच विमला देवी, सरपंच प्रतिनिधि रामकुमार सिंह, रणधीर सिंह खीचड़, अधिशासी अभियंता अमर सिंह, शीशराम सरावग, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह डाबड़ी, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष शीशराम बेनीवाल, पूर्व सरपंच उम्मेद सिंह खीचड़ सहित कई लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा मुस्ताक खान, बाबू खान, विद्याधर खीचड़, ओमप्रकाश बुड़ानिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।






