झुंझुनूं। निकटवर्ती गांव मालसर के निवासी एवं वर्तमान में झुंझुनूं शहर में रहने वाले मनोज मालसरिया द्वारा क्यामसर स्थित निर्माणाधीन तेजाजी मंदिर के लिए 1.11 लाख रुपये नकद तथा निर्माण सामग्री सहयोग स्वरूप देने की घोषणा की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय जाट महासंघ ने उनका भव्य सम्मान किया।
महासंघ के पदाधिकारियों ने साफा, शॉल और फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया।
महासंघ पदाधिकारियों ने किया सम्मान
सम्मान समारोह में राष्ट्रीय जाट महासंघ के जिला उपाध्यक्ष कैप्टन शिवप्रसाद चौधरी, झुंझुनूं शहर ब्लॉक अध्यक्ष सूबेदार विजय सिंह बेनीवाल तथा सलाहकार मामराज महला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी ने मनोज मालसरिया के सहयोग की सराहना करते हुए इसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के प्रति प्रेरणादायक पहल बताया।
165 फीट ऊंचे शिखर वाला मंदिर बनने का दावा
राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र क्यामसरिया ने मनोज मालसरिया का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि जनसहयोग से क्यामसर में तेजाजी महाराज का भव्य मंदिर निर्माणाधीन है।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने पर यह मंदिर 165 फीट ऊंचे शिखर के साथ देश का सबसे ऊंचा तेजाजी मंदिर बनने का लक्ष्य रखता है। इसके लिए समाज के लोगों का तन, मन और धन से सहयोग लगातार मिल रहा है।






