सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला बोले- जनभावनाओं की अनदेखी संविधान की भावना के विरुद्ध
झुंझुनूं। लोकसभा क्षेत्र से सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला ने सोमवार को नियम 377 के तहत झुंझुनूं जिले के ग्राम इस्लामपुर के प्रस्तावित नाम परिवर्तन का मुद्दा लोकसभा में उठाया।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में राजस्थान सरकार द्वारा जिला कलक्टर से रिपोर्ट मांगी गई है और यह विषय स्थानीय जनता की भावनाओं, प्रशासनिक प्रक्रिया तथा विधिक प्रावधानों से सीधे जुड़ा हुआ है।
नाम परिवर्तन से कई पहलू होते हैं प्रभावित
सांसद ओला ने कहा कि किसी गांव का नाम बदलना केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं होता, बल्कि इससे वहां के निवासियों की पहचान, राजस्व अभिलेखों और अन्य सरकारी दस्तावेजों सहित जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलू प्रभावित होते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित नाम परिवर्तन को लेकर ग्रामवासी आंदोलनरत हैं और अपनी आपत्तियां जता रहे हैं।
ग्राम सभा की सहमति आवश्यक बताई
सांसद ने कहा कि किसी भी निर्णय से पहले सभी वैधानिक एवं संवैधानिक प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से संबंधित ग्राम सभा के साथ व्यापक विचार-विमर्श कर स्थानीय निवासियों की राय और सहमति लेने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जनभावनाओं के सम्मान की अपील
लोकसभा में अपने वक्तव्य के दौरान बृजेन्द्र सिंह ओला ने कहा कि जनभावनाओं की अनदेखी कर किसी गांव का नाम परिवर्तन करना संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने मांग की कि ग्राम इस्लामपुर का नाम परिवर्तन तभी किया जाए, जब सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन हो, ग्राम सभा की अनुशंसा प्राप्त हो और स्थानीय निवासियों की सहमति सुनिश्चित हो।






