मुकुंदगढ़। झुंझुनूं जिले के मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र में 80 वर्षीय वृद्ध महिला के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी यश (26) निवासी वार्ड नंबर 2, मुकुंदगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उसके सहयोगी और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है।
अकेली रहती है 80 वर्षीय वृद्धा
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को परिवादी ने मुकुंदगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी 80 वर्षीय ताईजी अकेली रहती हैं। उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण और रुपये चोरी हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
वृद्धा के बाहर जाने का उठाया फायदा
जांच में सामने आया कि आरोपी यश वृद्ध महिला के पड़ोस में रहता है। पुलिस के अनुसार घटना के समय वृद्धा आरोपी की दादी से मिलने गई हुई थीं।
वृद्धा के घर पर नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपी ने अपने एक अन्य सहयोगी के साथ कथित रूप से घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद आरोपी की तलाश के लिए मुकुंदगढ़ थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की जानकारी जुटाई। इसके बाद 30 अगस्त 2026 को संदिग्ध आरोपी यश को दस्तयाब किया गया।
अनुसंधान के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के सामान और सहयोगी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अन्य सहयोगी आरोपी और चोरी किए गए सोने-चांदी के सामान की बरामदगी को लेकर अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत आरपीएस के मार्गदर्शन तथा नवलगढ़ वृताधिकारी सुगन सिंह आरपीएस के सुपरविजन में की गई।
मुकुंदगढ़ थानाधिकारी गोपाल सिंह थालौड़ के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।






