झुंझुनूं। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन में मुकुंदगढ़ थाना पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए अपने परिजनों से बिछड़े एक मंदबुद्धि युवक को सुरक्षित उसके परिवार से मिलवा दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी गोपालसिंह थालोर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम बाहरी व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रेलवे स्टेशन मुकुंदगढ़ पर एक मंदबुद्धि युवक मिला, जो अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से बताने में असमर्थ था।
मोबाइल नंबरों से हुई युवक की पहचान
पुलिस ने युवक की तलाशी के दौरान मिले मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया। जानकारी में सामने आया कि युवक का नाम अमित कुमार पुत्र रणजीत निवासी मलिकपुर, नई दिल्ली है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक मानसिक रूप से विशेष आवश्यकता वाला है और पिछले 10 से 12 दिनों से घर से लापता था, जिसकी वे लगातार तलाश कर रहे थे।
बेटे से मिलकर भावुक हुए पिता
पहचान होने के बाद युवक को सुरक्षित मुकुंदगढ़ थाना लाया गया। सूचना मिलने पर उसके पिता रणजीत (पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार) थाने पहुंचे और अपने बेटे से मिलकर खुशी व्यक्त की।
उन्होंने बिछड़े बेटे को सुरक्षित मिलवाने के लिए मुकुंदगढ़ पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस टीम की सराहना की।






