उदयपुरवाटी के निकटवर्ती ग्राम पंचायत नांगल में आयोजित एक दिवसीय फॉलोअप शिविर के दौरान ग्रामीणों ने बारिश से क्षतिग्रस्त और अवरुद्ध हुए रास्तों का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों ने शिविर प्रभारी एवं उदयपुरवाटी तहसीलदार जे.आर. कुड़ी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित रास्तों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
बारिश के बाद कई ढाणियों का संपर्क टूटा
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि हाल ही में हुई बारिश के कारण क्षेत्र की कई ढाणियों के मुख्य एवं संपर्क मार्ग पानी और कीचड़ से प्रभावित हो गए हैं। कई रास्ते पूरी तरह अवरुद्ध होने से एक ढाणी का दूसरी ढाणी से संपर्क टूट गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब रास्तों के कारण आमजन, स्कूली बच्चों और रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मिट्टी और कंक्रीट डलवाकर रास्ते बहाल करने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि बारिश से क्षतिग्रस्त सभी रास्तों पर तत्काल प्रभाव से मिट्टी और कंक्रीट डलवाकर उन्हें सुगम बनाया जाए, ताकि लोगों का आवागमन जल्द से जल्द सामान्य हो सके।
उन्होंने कहा कि समय रहते मरम्मत नहीं होने पर बरसात के दौरान लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
ग्रामीण रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान ताराचंद, मनीष, सचिन सैनी, मुकेश तंवर, बनवारी लाल सैनी, अशोक सैनी, रामसिंह, प्रमोद सैनी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।






