उदयपुरवाटी (झुंझुनूं)। कस्बे के निकटवर्ती ग्राम पंचायत नांगल और पहाड़िला के बीच टोल प्लाजा के पास दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को निजी वाहन से राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उदयपुरवाटी पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. मनोज सैनी और उनकी मेडिकल टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों ने दो घायलों की हालत गंभीर बताई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीकर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य दो घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
ये घायल हुए
गंभीर घायलों में करण (27) पुत्र राधेश्याम असवाल, निवासी मणकसास, और दीपक (26) पुत्र बाबूलाल असवाल, निवासी वार्ड नंबर 18, घाट नाला, उदयपुरवाटी शामिल हैं। दोनों को सीकर रेफर किया गया है।
वहीं दीपक मीणा (25) पुत्र बनवारी लाल, निवासी बाजोर, और दीपक मीणा (30) पुत्र कैलाश मीणा, निवासी राणोली को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके की जांच में जुट गई है।
जांच शुरू
पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, टोल प्लाजा के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई, जिससे चारों सवार घायल हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।






