जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी झुंझुनूं और नवलगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1 किलो 990 ग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में की गई। टीम का नेतृत्व नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह और डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा ने किया।
गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को डीएसटी और नवलगढ़ थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान गुसाइयों की ढाणी, तन कारी स्थित रोजाणी जोहड़ी के पास एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक की थैली लेकर आता दिखाई दिया।
पुलिस टीम को देखकर वह अचानक मुड़कर गांव की ओर तेज़ी से जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसका पीछा कर उसे रोक लिया।
प्लास्टिक की थैली से मिला गांजा
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम कृपाल पुरी बताया। पुलिस के अनुसार, वह अपने हाथ में पकड़ी प्लास्टिक की थैली छिपाने का प्रयास कर रहा था। पूछने पर उसने थैली में गांजा होने की बात स्वीकार की।
तलाशी लेने पर थैली से 1 किलो 990 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी इसके संबंध में कोई वैध लाइसेंस या अनुज्ञापत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर आरोपी कृपाल पुरी (58 वर्ष), निवासी गुसाइयों की ढाणी, तन कारी, थाना नवलगढ़, जिला झुंझुनूं को धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।






