झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ में अपनी मां की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। अदालत से पुलिस ने आरोपी का रिमांड प्राप्त कर लिया है। पुलिस अब हत्या के कारणों और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी अजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
फोन कर बहन को दी थी वारदात की सूचना
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई को परिवादी शिवकुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 जुलाई की रात उसके साले राजवीर सिंह ने अपनी बहन अनिता को फोन कर बताया कि उसने अपनी मां प्रभाती देवी पर चाकू से हमला कर दिया है।
परिजन मौके पर पहुंचे तो प्रभाती देवी कमरे में खून से लथपथ पड़ी थीं और पास में खून से सना चाकू पड़ा मिला। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटनास्थल से ही हिरासत में लिया गया आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और फोरेंसिक तथा मोबाइल जांच टीम ने साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार आरोपी राजवीर सिंह घटनास्थल पर ही मौजूद मिला, जिसे पहले डिटेन किया गया। पूछताछ और प्रारंभिक अनुसंधान के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
पीडब्ल्यूडी में यूडीसी के पद पर कार्यरत है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजवीर सिंह (28), मूल निवासी सिंगनोर गांव है और वर्तमान में नवलगढ़ कृषि मंडी के सामने निवास कर रहा था। वह लोक निर्माण विभाग (PWD), नवलगढ़ में यूडीसी (अपर डिवीजन क्लर्क) के पद पर कार्यरत है।
पुलिस ने आरोपी को 10 जुलाई को न्यायालय में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मंजूर किया गया। मामले की जांच जारी है।






