नवलगढ़। झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ थाना क्षेत्र के बाय गांव में हवेली पर कब्जा करने और ग्राम पंचायत प्रशासक के घर पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना नवलगढ़ और डीएसटी झुंझुनूं की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर कमलेश कोडिया उर्फ कमल समेत दो आरोपियों को दबोचा है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए बिना नंबर के कैंपर वाहन को भी डिटेन किया है। मामले में आरोपियों से पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
हथियारों से लैस होकर कैंपर में पहुंचे थे बदमाश
पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत बाय की प्रशासक तारा पूनिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 30-31 अगस्त 2026 की रात बिना नंबर के कैंपर वाहन में 5-6 बदमाश हथियारों से लैस होकर आए।
आरोप है कि बदमाशों ने महाजनों की हवेली का गेट चोरी कर लिया। इसके बाद प्रशासक के घर में घुसकर गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकियां दीं। इस दौरान वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया।
रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद नवलगढ़ थाने में तत्काल प्रकरण दर्ज किया गया। उप निरीक्षक ताराचंद ने मामले की जांच शुरू की। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नवलगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए अजीत सिंह और हिस्ट्रीशीटर कमलेश कोडिया उर्फ कमल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर शामिल
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार कमलेश कोडिया उर्फ कमल के खिलाफ सीकर जिले के रानोली, खाटूश्यामजी और रींगस थानों में डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट, चोरी, नकबजनी और डकैती के प्रयास सहित कुल 15 मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में भी जांच की जा रही है।
ये आरोपी गिरफ्तार
- अजीत सिंह पुत्र विद्याधर — निवासी कैरू, थाना नवलगढ़
- कमलेश कोडिया उर्फ कमल पुत्र चेताराम — निवासी बधालों की ढाणी, तन पलसाना, थाना रानोली, जिला सीकर
पुलिस टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में की गई।
थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में नवलगढ़ थाना टीम और डीएसटी झुंझुनूं ने आरोपियों की तलाश कर गिरफ्तारी की। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर का कैंपर भी डिटेन किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।






