नवलगढ़। गांव बाय में हवेली पर कब्जे और ग्राम पंचायत प्रशासक के घर पर जानलेवा हमले के मामले में नवलगढ़ पुलिस और डीएसटी झुंझुनूं को सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी अमित कुमार (24) को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन और थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में की गई।
हथियारों से लैस होकर आने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को ग्राम पंचायत बाय की प्रशासक तारा पूनिया ने नवलगढ़ थाने में रिपोर्ट दी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, 30-31 अगस्त की रात बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में 5-6 बदमाश हथियारों से लैस होकर आए थे। आरोप है कि उन्होंने महाजनों की हवेली का गेट चोरी कर लिया और प्रशासक के घर में घुसकर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकियां दीं।
शिकायत में गाड़ी में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया था।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद उप निरीक्षक ताराचंद ने जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में वांछित आरोपी अमित कुमार की पहचान की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान अमित कुमार पुत्र श्रीचंद, उम्र 24 वर्ष, निवासी सिंगनोर, थाना गुढ़ागौड़जी के रूप में हुई है।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ागौड़जी, मुकुंदगढ़ और उद्योग नगर (जिला सीकर) में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनमें डकैती, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे मामले शामिल बताए गए हैं।
दो आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक इस मामले में इससे पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पहले गिरफ्तार आरोपियों में अजीत सिंह पुत्र विद्याधर, निवासी कैरू, थाना नवलगढ़ तथा हिस्ट्रीशीटर कमलेश कोडिया उर्फ कमल पुत्र चेताराम, निवासी बधालों की ढाणी, तन पलसाना, थाना रानोली, जिला सीकर शामिल हैं।
पुलिस मामले में आगे की जांच और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर कार्रवाई कर रही है।






