झुंझुनूं, स्थानीय गणपति नगर स्थित न्यू राजस्थान बालिका पीजी महाविद्यालय में एनएसएस की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को हरियाली तीज के उपलक्ष्य में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
छात्राओं ने हाथों पर आकर्षक एवं सुंदर मेहंदी डिजाइन बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके साथ ही छात्राओं ने झूला झूलते हुए हर्षोल्लास के साथ हरियाली तीज का उत्सव मनाया।
सलीना ने हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल ने प्रदर्शन के आधार पर सलीना को प्रथम, मुस्कान को द्वितीय तथा मोनिका और वंदना को तृतीय स्थान प्रदान किया। संस्था संरक्षिका विनोद ढूकिया, महाविद्यालय प्राचार्य एवं एनएसएस प्रभारी ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
संस्था सचिव पीयूष ढूकिया ने सभी छात्राओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज का पर्व विशेष महत्व रखता है। यह पर्व एक ओर मनुष्य को प्रकृति से जोड़ता है, वहीं दूसरी ओर पारिवारिक सुख-समृद्धि के लिए भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से छात्राओं में क्रियाशीलता, सर्जनात्मकता, एकाग्रता और मिलकर कार्य करने की क्षमता का विकास होता है।
संस्कृति से जुड़ने का अवसर
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुमन जानू ने भी छात्राओं को हरियाली तीज की बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं में आपसी एकता और सहयोग की भावना विकसित करने के साथ अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में एनएसएस प्रभारी पिंकेश, महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।






