राजलदेसर। चूरू जिले के राजलदेसर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-11 पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक के 24 वर्षीय चालक की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
मध्यप्रदेश से बीकानेर जा रहे थे
एएसआई रामनिवास मीणा के अनुसार, जहांगीरपुर निवासी राजेश लोदी ने पुलिस को रिपोर्ट दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, राजेश और उसका 24 वर्षीय साला सुनील पुत्र रायसिंह लोदी निवासी ग्वालियर, मध्यप्रदेश ट्रक चालक थे। दोनों मध्यप्रदेश के मालनपुर से पुलिया पैकिंग के खाली पाउच ट्रक में भरकर बीकानेर जा रहे थे।
सामने से आए ट्रक ने मारी टक्कर
बताया गया कि परसनेऊ फांटा से पहले एक होटल के पास बीकानेर की ओर से आ रहे ट्रक के चालक ने कथित रूप से गफलत और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सुनील के ट्रक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे ट्रक में कोलायत की पीली बजरी भरी हुई थी।
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार
दुर्घटना के बाद दूसरे ट्रक का चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।






