झुंझुनूं के पिलानी थाना क्षेत्र में 4 साल के मासूम की हत्या के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुरेश कुमार को पिलानी पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी था और वह थाना स्तर के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल था।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर IPS के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत RPS के मार्गदर्शन और चिड़ावा वृत्ताधिकारी गौरव गुर्जर RPS के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।
2023 में हुई थी मासूम की हत्या
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2023 को भूपेश निवासी ढकरवाला/देवरोड़ ने पिलानी थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके खेत पर मजदूरी करने वाले सुरेश कुमार ने अपने करीब 3-4 साल के बच्चे सूर्या की हत्या कर दी और शव को खेत में बने कमरे में लोहे के बक्से में बंद कर मौके से फरार हो गया।
मामले में पिलानी थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। वारदात के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना और पहचान बदलकर फरार चल रहा था।
25 हजार रुपये का इनाम, स्थायी वारंट जारी
पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। इसके बाद न्यायालय से धारा 299 CrPC के तहत स्थायी वारंट जारी करवाया गया और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया।
आरोपी को पिलानी थाना स्तर के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में भी शामिल किया गया था।
हरियाणा से उत्तराखंड तक पुलिस ने की तलाश
विशेष अभियान के तहत आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिला स्पेशल टीम और पिलानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी सुरेश कुमार उर्फ लम्बु को ऋषिकेश से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से पूछताछ और अनुसंधान जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने वर्ष 2023 में बच्चे की हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद शव को लोहे की पेटी में छिपाकर फरार होने का प्रयास किया था।
गिरफ्तार आरोपी से मामले को लेकर आगे की पूछताछ और अनुसंधान जारी है। आरोपी की पहचान सुरेश कुमार उर्फ लम्बु पुत्र रतनसिंह, उम्र 45 वर्ष, निवासी नारनौद, थाना नारनौद, जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है।






