पिलानी, पिलानी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 18 अगस्त 2026 को एक युवक को अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान आकाश उर्फ बिटु के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पुलिस के अनुसार पहले से 6 मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर IPS के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और वृताधिकारी गौरव गुर्जर के सुपरविजन में थानाधिकारी अलका विश्नोई के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
बेरी रोड की तरफ हथियार लेकर जाने की मिली सूचना
पुलिस के अनुसार, अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए गश्त के दौरान टीम को सरकारी अस्पताल पिलानी के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक बेरी रोड, लुहारू बाईपास पुलिया की तरफ अवैध हथियार लेकर जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को डिटेन किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ।
लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस ने हथियार के संबंध में आरोपी से वैध लाइसेंस या अनुज्ञापत्र प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी आकाश उर्फ बिटु पुत्र सुरेश कुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी पाथड़िया, थाना पिलानी को धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। अवैध हथियार को भी जब्त कर लिया गया है।
हथियार की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से बरामद हथियार की खरीद-फरोख्त, स्रोत और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आकाश उर्फ बिटु के खिलाफ पूर्व में 6 प्रकरण दर्ज हैं। अब जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।






