झुंझुनूं के पिलानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2,608 नशीली टैबलेट्स जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी संदीप को 14 अगस्त को डुलानिया से लिखवा जाने वाले आम रास्ते पर गश्त के दौरान संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच चिड़ावा थानाधिकारी द्वारा की जा रही है।
गुलाबी थैली लेकर पैदल जा रहा था युवक
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को टीम डुलानिया से लिखवा जाने वाले आम सड़क मार्ग पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे गुलाबी रंग की प्लास्टिक थैली लेकर एक युवक पैदल जाता दिखाई दिया।
पुलिस वाहन को देखकर युवक घबरा गया और तेजी से आगे बढ़ते हुए वहां से निकलने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
तलाशी में मिलीं 2,608 नशीली टैबलेट्स
पुलिस ने युवक से घबराने और भागने का कारण पूछा, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस के अनुसार उसने हाथ में मौजूद थैली को छिपाने का प्रयास भी किया।
संदेह के आधार पर नियमानुसार थैली की तलाशी ली गई। तलाशी में कुल 2,608 अवैध नशीली टैबलेट्स मिलीं, जिन्हें पुलिस ने मौके पर विधिवत जब्त कर लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस
कार्रवाई के बाद पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप पुत्र बलबीर, उम्र 31 वर्ष, निवासी लिखवा, थाना पिलानी, जिला झुंझुनूं के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ थाना पिलानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच चिड़ावा थानाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से नशीली दवाओं की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेंद्र सिंह सागर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में की गई।
पिलानी थानाधिकारी अलका विश्नोई के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।






