झुंझुनूं। पिलानी कस्बे में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन लेकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने महज 6 घंटे में गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। मामले में चोरी की गई सोने की चेन की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
ग्राहक बनकर पहुंचा, चेन पहनकर हुआ फरार
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई 2026 को प्रधूमन, निवासी पिलानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मुख्य बाजार स्थित कृष्णा ज्वैलर्स पर दोपहर करीब 12:45 बजे एक युवक ग्राहक बनकर आया। उसने कई सोने की चेन देखने के बाद 10.690 ग्राम (22 कैरेट) की चेन पसंद की।
आरोप है कि युवक ने परिजनों को वीडियो कॉल पर दिखाने का बहाना बनाकर चेन गले में पहन ली और अचानक दुकान से बाहर निकलकर अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गया। शिकायत के अनुसार चेन पर दुकान का KRJ हॉलमार्क अंकित था।
250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पिलानी से लेकर रेवाड़ी तक के मार्ग पर 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर मोटरसाइकिल की पहचान की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
हरियाणा के पास से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सोनू सिंह (27) निवासी थिरपाली बड़ी, थाना हमीरवास, जिला चूरू को हरियाणा के रेवाड़ी के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (RJ-10 SX 3507) भी जब्त की गई।
बरामदगी और जांच जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी से करीब 1.60 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन की बरामदगी तथा इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता को लेकर अनुसंधान जारी है।






