झुंझुनूं। आगामी नगरीय निकाय चुनाव-2026 के मद्देनजर अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पिलानी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस ने सक्रिय हिस्ट्रीशीटर दीपू उर्फ दिगपाल को अवैध पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह थाना पिलानी की अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार तीसरी कार्रवाई है।

पाथड़िया स्टैंड पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पिलानी थाने का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर दीपू उर्फ दिगपाल किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने के बाद दूसरे स्थान पर भागने की फिराक में राजगढ़-लुहारू हाईवे स्थित पाथड़िया स्टैंड पर मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे डिटेन कर लिया।

पिस्टल, मैगजीन और 4 कारतूस बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले।

हथियार के संबंध में आरोपी के पास कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने हथियार और कारतूसों को नियमानुसार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

हथियार कहां से आया, पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त और सप्लाई के संबंध में पूछताछ कर रही है।

इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की तैयारी में था या नहीं।

हिस्ट्रीशीटर पर पहले से 20 मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दीपू उर्फ दिगपाल पुत्र योगेंद्र सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी झेरली, थाना पिलानी, सक्रिय हिस्ट्रीशीटर है।

उसके खिलाफ पहले से हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, डकैती की योजना, आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले सहित कुल 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

चुनाव को लेकर पुलिस की सख्ती जारी

यह कार्रवाई आगामी नगरीय निकाय चुनाव-2026 के मद्देनजर जिले में अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।

पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...