उदयपुरवाटी। राजस्थान सरकार के पंचायती राज विभाग ने झुंझुनूं जिले की उदयपुरवाटी पंचायत समिति क्षेत्र की पोंख ग्राम पंचायत को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है।
विभाग ने ग्राम पंचायत पोंख की प्रशासक कोमल कुमारी को तत्काल प्रभाव से पद पर बहाल कर दिया है। उनके विरुद्ध चल रही विभागीय जांच को विचाराधीन रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है।
17 अगस्त के आदेश के बाद अब बदला फैसला
पंचायती राज विभाग के पूर्व आदेश क्रमांक 24070700 दिनांक 17 अगस्त 2026 के जरिए कोमल कुमारी को ग्राम पंचायत पोंख के प्रशासक पद से पदमुक्त किया गया था।
अब मामले की समीक्षा के बाद सक्षम स्तर से अनुमोदन प्राप्त होने पर उनकी बहाली के आदेश जारी किए गए हैं।
यह आदेश अतिरिक्त आयुक्त एवं शासन उप सचिव द्वितीय की ओर से जारी किया गया है।
गुरुवार को ही पदभार ग्रहण कराने के निर्देश
बहाली के आदेश के साथ ही पंचायती राज विभाग ने झुंझुनूं जिला कलेक्टर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने कहा है कि कोमल कुमारी को ग्राम पंचायत पोंख के प्रशासक पद का कार्यभार गुरुवार को ही ग्रहण करवाया जाए।
कार्यभार ग्रहण करवाने के बाद इसकी अनुपालन रिपोर्ट तत्काल विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
CEO और विकास अधिकारी को भी निर्देश
बहाली आदेश की प्रतिलिपि मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद झुंझुनूं और विकास अधिकारी, पंचायत समिति उदयपुरवाटी को भी भेजी गई है।
दोनों अधिकारियों को आदेश की पालना सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभागीय जांच पर क्या हुआ फैसला?
सरकार के इस आदेश में कोमल कुमारी के खिलाफ चल रही विभागीय जांच को समाप्त नहीं किया गया है, बल्कि उसे विचाराधीन रखते हुए प्रशासक पद पर बहाली का फैसला लिया गया है।
इससे पोंख ग्राम पंचायत में प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर कोमल कुमारी की वापसी का रास्ता साफ हो गया है।






