मंडावा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को मंडावा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तोलियासर में अटल सेवा केंद्र परिसर में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान भाजपा नेता प्यारेलाल ढूकिया ने आंगनबाड़ी केंद्र में खिलौना बैंक का उद्घाटन किया तथा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से चर्चा की।
शिविर का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर ही आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान
कार्यक्रम के दौरान प्यारेलाल ढूकिया ने ग्रामीणों से संवाद कर खाता विभाजन, रास्ता कटान और ग्राम मोतीसर में श्मशान भूमि आवंटन जैसे मामलों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समाधान करवाने का प्रयास किया।
उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने और अन्य जरूरतमंद लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
खिलौना बैंक से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर
आंगनबाड़ी केंद्र में खिलौना बैंक का फीता काटकर शुभारंभ करते हुए ढूकिया ने कहा कि खेल बच्चों के मानसिक, बौद्धिक और सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों के सीखने की क्षमता और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है।
अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में तहसीलदार डॉ. सुरेंद्र भास्कर, ग्राम विकास अधिकारी अमित चौधरी, एडीओ राजेश सैनी, ग्राम सेवक गुंजन बाला, कनिष्ठ सहायक रेणु, राजेश पूनिया सहित कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






