जयपुर। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर राजस्थान कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पीसीसी मुख्यालय, इंदिरा भवन, जयपुर में राजस्थान कांग्रेस ओबीसी विभाग की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में एआईसीसी ओबीसी विभाग द्वारा नियुक्त प्रभारीगण, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष हरसहाय यादव सहित ओबीसी कांग्रेस के संभाग प्रभारी मौजूद रहे।
झुंझुनूं की चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा
झुंझुनूं जिला कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष संतोष सैनी ने बताया कि बैठक में जिले में आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों पर प्रदेश नेतृत्व के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों, स्थानीय जनसमस्याओं और चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। संतोष सैनी ने झुंझुनूं जिले की जमीनी राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की तैयारियों से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में आगामी चुनावों को देखते हुए ओबीसी कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय जिम्मेदारी देने और स्थानीय मुद्दों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया गया।
साथ ही ओबीसी समाज की चुनावी भागीदारी को प्रभावी बनाने और संगठन के सामूहिक प्रयासों के जरिए कांग्रेस को मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई।
झुंझुनूं से ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में झुंझुनूं जिले से राष्ट्रीय ओबीसी विभाग महिला विंग की कार्यकारिणी सदस्य सरिता चौधरी, अंकलेश जाखड़, कृष्ण खटाना, अनिल बोहरा, प्रदेश सचिव मुकेश सैनी, चिड़ावा ओबीसी ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष भांभू, सोशल मीडिया प्रभारी शोहेल चौहान, डॉ. मुकेश बागड़ी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, ओबीसी समाज की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।






