झुंझुनूं। जिला मुख्यालय स्थित राजस्थान पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय के मंच पर शनिवार को सुर, ताल और नृत्य प्रतिभा का शानदार संगम देखने को मिला। विद्यालय की साप्ताहिक सह-शैक्षिक गतिविधियों के तहत ‘सोलो डांस कॉम्पीटिशन’ का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता के रोमांचक ग्रैंड फिनाले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अन्तिम कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। शुरुआती दौर में चयनित प्रतिभागियों ने फाइनल राउंड में अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फाइनल राउंड में कड़ा मुकाबला
प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ ने बताया कि शनिवारीय बाल सभा के दौरान आयोजित प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण फाइनल राउंड रहा। अंतिम चरण में पहुंचे प्रतिभागियों के प्रदर्शन के बाद निर्णायक मंडल के लिए विजेता का चयन करना चुनौतीपूर्ण रहा।
निर्णायकों ने तकनीकी कौशल, एक्सप्रेशन, वेशभूषा और मंच प्रबंधन को आधार बनाकर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। कड़े मूल्यांकन के बाद परिणाम घोषित किए गए।
ये रहे प्रतियोगिता के विजेता
- प्रथम स्थान: अन्तिम कुमारी
- द्वितीय स्थान: शालू, सपना और तनु
- तृतीय स्थान: नंदिनी शेखावत
विजेता प्रतिभागी के साथ उपविजेताओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं ऐसी गतिविधियां
विद्यालय के सचिव इंजी. पीयूष ढूकिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शनिवारीय सह-शैक्षिक गतिविधियां जरूरी हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
इंजीनियर ज्योति ढूकिया ने कहा कि पढ़ाई के साथ इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के मंच के डर को कम करने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करती हैं।
इस अवसर पर सुधीर शर्मा, मंगलाराम जांगिड़, पवन कुमार, प्रमोद चौधरी, अंबिका और मनीष सैनी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्राओं निशा और कोमल ने किया। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।






