झुंझुनूं। जिले के समसपुर गांव के वार्ड संख्या-2 के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने नीट-2026 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गांव और जिले का नाम रोशन किया है। दोनों चचेरे भाई-बहन ने शानदार रैंक हासिल कर एमबीबीएस के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश सुनिश्चित किया है।
नाईस और आर्यन ने हासिल की शानदार रैंक
सीएमएचओ कार्यालय में कार्यरत प्रमोद चाहर ने बताया कि उनकी बेटी नाईस चाहर ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3136 प्राप्त की है। वहीं उनके भाई प्रदीप चाहर के पुत्र आर्यन चौधरी ने AIR 7326 हासिल की है।
दोनों की सफलता के बाद गांव में उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया।
सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को
सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, परिवारजनों, गुरुजनों और अपनी निरंतर मेहनत को दिया। उनका कहना है कि नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हो सकी।
गांव में खुशी का माहौल
दोनों विद्यार्थियों की सफलता पर ग्रामीणों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि नाईस और आर्यन की उपलब्धि गांव के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।






