भारत-अमेरिका ट्रेड डील और पुलिस कार्रवाई का करेगा विरोध
झुंझुनूं। संयुक्त किसान मोर्चा ने 22 जुलाई को जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है। मोर्चा ने बताया कि यह प्रदर्शन भारत-अमेरिका ट्रेड डील तथा संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में किया जाएगा।
विभिन्न मांगों को लेकर होगा विरोध
संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, धरना-प्रदर्शन के माध्यम से पेपर लीक प्रकरण में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई जाएगी। साथ ही संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी विरोध किया जाएगा।
मोर्चा ने अपनी मांगों के समर्थन में संबंधित केंद्रीय मंत्रियों के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।
कई किसान संगठन होंगे शामिल
संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, प्रस्तावित प्रदर्शन में अखिल भारतीय किसान सभा, अखिल भारतीय किसान महासभा, क्रांतिकारी किसान यूनियन, राजस्थान किसान सभा और जय किसान आंदोलन सहित विभिन्न किसान संगठन भाग लेंगे।






