झुंझुनूं, जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर सिंघाना थाना पुलिस ने हाईटेंशन 765 केवी बिजली लाइन के एल्युमिनियम तार चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने चोरी के तारों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की पिकअप और स्विफ्ट कार भी जब्त की है।

कुठानियां जोहड़ में पुलिस ने घेरा

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को जिला स्पेशल टीम झुंझुनूं के एएसआई शशिकांत ने सिंघाना थानाधिकारी को सूचना दी कि मुखबिर के अनुसार कुठानियां जोहड़ में हाईटेंशन बिजली लाइन के तार चोरी करने वाला गिरोह मौजूद है।

सूचना पर थानाधिकारी सुगन सिंह पुलिस टीम के साथ अमरपुरा-कुठानियां कच्चे रास्ते पर पहुंचे। यहां जोहड़ की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते के मोड़ पर पुलिस को एक बिना नंबर की तिरपाल लगी पिकअप और उसके पीछे एक स्विफ्ट कार आती दिखाई दी।

पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों में कुल सात लोग सवार थे। पुलिस को देखकर उन्होंने वाहन छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पिकअप में भरे थे चोरी के बिजली तार

पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 765 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के चोरी किए गए तार मिले। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपनी गैंग के सरगना महेश उर्फ कुम्भाकाला से अपने हिस्से का बंटवारा कर तार बेचने के लिए जा रहे थे।

पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार छह आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया।

1.28 लाख रुपये नकद और तार काटने के उपकरण जब्त

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से कुल 1,28,500 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा बिजली लाइन के एल्युमिनियम तार काटने में इस्तेमाल किए गए उपकरण भी जब्त किए गए।

पुलिस ने चोरी के तारों के परिवहन में इस्तेमाल पिकअप और स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।

ये छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है

  1. महेश कुमार उर्फ कुम्भाकाला (29) पुत्र रछपाल राम, निवासी ढाणी कुम्भाकाला, पुराना बास, थाना सदर नीमकाथाना, जिला सीकर।
  2. अजय उर्फ कालू (25) पुत्र बीरबल, निवासी वार्ड नंबर 44, बुचाड़ा मोहल्ला, कोटपुतली, जिला कोटपुतली-बहरोड़।
  3. दुष्यन्त मीणा उर्फ मोनू (18 वर्ष 6 माह) पुत्र दौलतराम, निवासी शक्ति विहार, कोटपुतली, जिला कोटपुतली-बहरोड़।
  4. अनिल (21) पुत्र प्रकाशचंद, निवासी प्रीतमपुरी, कांवट बाईपास, कृष्णा स्कूल के पास, थाना थोई, जिला सीकर।
  5. अमित जाखड़ (28) पुत्र मूलचंद, निवासी ढाणी कुम्भाकाला, पुराना बास, थाना सदर नीमकाथाना, जिला सीकर।
  6. हिमान्शु उर्फ लाला (19) पुत्र सुरेंद्र, निवासी मोहल्ला राजपूताना, बुहाना।

इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, बुहाना वृत्त की डीएसपी मंजू चौहान के सुपरविजन और सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर तार चोरी की अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...