झुंझुनूं जिले की सिंघाना थाना पुलिस ने एलएंडटी (L&T) की विद्युत परियोजना से एएल-59 जेब्रा कंडक्टर तार चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर परियोजना स्थल से बिजली लाइन का तार चोरी करने तथा सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप है।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत, पुलिस उपाधीक्षक नोपाराम भाकर के सुपरविजन तथा थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की।

परियोजना स्थल से दो बार हुई थी तार चोरी

पुलिस के अनुसार, 2 मई 2026 को एलएंडटी लिमिटेड में कार्यरत महेन्द्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 26 मार्च 2026 की रात बुहाना क्षेत्र के सावलोद स्थित परियोजना स्थल से करीब 790 मीटर एएल-59 जेब्रा कंडक्टर चोरी कर लिया गया। आरोप है कि चोरों ने हाई वायर फिटिंग को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके पर मौजूद दो नाइट वॉचमैन के साथ मारपीट की।

इसके बाद 12 अप्रैल 2026 की रात पुहानिया क्षेत्र स्थित परियोजना स्थल से भी करीब 850 मीटर एएल-59 जेब्रा कंडक्टर चोरी होने का मामला सामने आया। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर सिंघाना, बुहाना, पिलानी, चिड़ावा सहित कई क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया।

11 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम कुठानिया मंदिर से अमरपुरा खुर्द जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंची। पुलिस को देखकर तीन युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में मामले में उनकी संलिप्तता सामने आने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे हैं

  • संदीप कुमार उर्फ भोला (22 वर्ष) निवासी झेरली, थाना पिलानी।
  • हिमांशु उर्फ लाला (18 वर्ष) निवासी बुहाना।
  • सलुक उर्फ देवा (21 वर्ष) निवासी सिंघाना।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों या चोरी के नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की भी जांच जारी है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...